Sun. Dec 14th, 2025

अभिनेत्री सुहानी भटनागर का निधन

समाचार इंडिया/देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ में छोटी बबीता फोगाट का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सुहानी भटनागर का निधन हो गया है। आज शनिवार, 17 फरवरी को दिल्ली में सुहानी ने आखिरी सांस ली है। महज 19 वर्ष की आयु में सुहानी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। खबर के मुताबिक वह काफी समय से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थीं। उनका अंतिम संंस्कार आज फरीदाबाद में किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ समय पहले सुहानी भटनागर के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इसके इलाज के लिए वह जो दवाएं ले रही थीं। उन दवाओं का उन पर साइड इफेक्ट हुआ है। सुहानी भटनागर ने साल 2016 में आई फिल्म ‘दंगल’ के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था। इसमें उन्होंने आमिर खान के साथ स्क्रिन साझा की थी। दर्शकों ने गीता और बबीता का किरदार निभाने वाली दोनों चाइल्ड आर्टिस्ट के अभिनय की खूब तारीफ की थी और उनकी क्यूटनेस पर फिदा हो गए थे। फिल्म में आमिर, साक्षी तंवर और जायरा वसीम के साथ काम करने के बाद सुहानी ने कुछ टीवी विज्ञापनों में भी अभिनय किया था। हालांकि बाद में उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए अभिनय से ब्रेक ले लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *